महमूदाबाद से क्राइम रिपोर्ट राज्य ब्यूरो चीफ अनुज कुमार जैन
सीतापुर जनपद के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र से नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने गांव के ही युवक और उसके परिजनों पर आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली महमूदाबाद क्षेत्र के ग्राम मीरानगर निवासी सुनीता पत्नी स्वर्गीय शिव भगवान ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी करीब 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री शिल्पी को गांव का ही समीर पुत्र शरीफ 23 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 10 बजे बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया।

पीड़िता की मां का कहना है कि जब वह अपनी बेटी की तलाश में समीर के घर पहुंची और उसके परिजनों से जानकारी लेनी चाही तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उल्टा आरोप है कि समीर के परिजन अमीर अली पुत्र कासिम, शरीफ पुत्र अमीर अली और समारे पुत्र शरीफ ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मारपीट पर उतारू हो गए।
महिला का आरोप है कि आरोपियों द्वारा उसे जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। इतना ही नहीं, उन्होंने कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा कि “अभी तुम्हारी लड़की भगवाई है, अब तुम्हारी बहू को भी भगवाएंगे।”
घटना के बाद से पीड़िता का परिवार दहशत में है। पीड़िता की मां ने कोतवाली महमूदाबाद पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर बेटी की सकुशल बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

