Reading: बकरी चराने गई महिला की बेरहमी से हत्या, दुष्कर्म के प्रयास का विरोध करने पर भाले से महिला पर हमला करने का आरोप

बकरी चराने गई महिला की बेरहमी से हत्या, दुष्कर्म के प्रयास का विरोध करने पर भाले से महिला पर हमला करने का आरोप

RamParkash Vats
4 Min Read

ब्यूरो रिपोर्ट,सीतापुर: थाना रामपुर कला क्षेत्र के ग्राम बगरा भारी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बकरी चराने गई 35 वर्षीय महिला अनीता देवी पत्नी संतराम की भाले से हमला कर हत्या कर दी गई। परिजनों और ग्रामीणों ने गांव के ही एक व्यक्ति पर महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने और विरोध करने पर भाले से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका अनीता देवी रोज की तरह गांव के बाहर बकरियां चराने गई थीं। इसी दौरान गांव का ही करीब 55 वर्षीय रंगीलाल पुत्र रामस्वरूप कथित रूप से वहां घात लगाकर बैठा था। आरोप है कि उसने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने गुस्से में आकर गांव के उत्तर दिशा में स्थित खड़ंजे पर उन पर भाले से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी सिधौली वेद प्रकाश श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का बारीकी से निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। रामपुर कला थाना प्रभारी लल्ला गोस्वामी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मृतका के ससुर रामखेलावन और ग्रामीणों का आरोप है कि रंगीलाल पहले भी कई बार अनीता देवी के साथ छेड़छाड़ कर चुका था। आरोप है कि पूर्व की घटनाओं के बावजूद इस बार उसने वारदात को अंजाम दे दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया : इस हृदय विदारक घटना ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। मृतका अनीता देवी अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। इनमें 13 वर्षीय बेटी रोहिणी, 11 वर्षीय बेटा रामप्रकाश और महज तीन वर्षीय बेटा आदित्य शामिल हैं। मां की असमय मौत से तीनों बच्चों के सिर से ममता का साया हमेशा के लिए उठ गया। बच्चों और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश: महिला की नृशंस हत्या की घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।फिलहाल पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच में जुटी है। क्षेत्राधिकारी सिधौली वेद प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। अब पुलिस जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!