Reading: नगरोटा सूरियां कॉलेज में वार्षिक समारोह, कृषि मंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

नगरोटा सूरियां कॉलेज में वार्षिक समारोह, कृषि मंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

RamParkash Vats
4 Min Read

नगरोटा सूरियां कॉलेज में 15 लाख से बनेगा खेल मैदान व ओपन जिम:प्रो. चन्द्र कुमार

नगरोटा सूरियां, 8 मार्च 2026/ संपादक राम प्रकाश बत्स:

कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने आज राजकीय डिग्री कॉलेज नगरोटा सूरियां में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की तथा शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त साधन है। शिक्षा व्यक्ति के व्यक्तित्व का विकास करती है और उसे समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में शिक्षा का विस्तार करना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में दूरदराज क्षेत्रों तक शिक्षा की सुविधाएं पहुंचाने के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए। बड़ी संख्या में शिक्षण संस्थान स्थापित किए गए, जिससे हजारों विद्यार्थियों को घर के नजदीक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिला।

कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के प्रसार के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नई शिक्षा नीतियों और आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं, जहां विद्यार्थियों को स्मार्ट क्लासरूम, खेल सुविधाएं और अन्य अत्याधुनिक संसाधन उपलब्ध करवाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की पहचान ऊंची इमारतों से नहीं बल्कि अच्छे शिक्षकों से होती है। सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में अधिकतर गरीब परिवारों के बच्चे शिक्षा ग्रहण करने आते हैं और इन बच्चों को आगे बढ़ाना शिक्षकों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने अध्यापकों से विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही इस क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हुआ है। सड़क, पुल, बिजली, पानी और शिक्षा के क्षेत्र में हुए अनेक विकास कार्य कांग्रेस सरकार की देन हैं। उन्होंने कहा कि उनका जीवन गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए समर्पित है।
उन्होंने घोषणा की कि मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना के तहत डिग्री कॉलेज नगरोटा सूरियां के लिए अगले वित्त वर्ष में 15 लाख रुपये का प्रावधान किया जाएगा, जिसमें 10 लाख रुपये से खेल मैदान तथा 5 लाख रुपये से ओपन जिम का निर्माण किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए उन्होंने 21 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम की शुरुआत में कॉलेज के प्रिंसिपल उपेंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा कॉलेज की वार्षिक गतिविधियों और उपलब्धियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस अवसर पर पूर्व जिला महिला कांग्रेस सचिव रीना घरोच, कांग्रेस नेता पीसी विश्वकर्मा, रामपाल धीमान, के.के. भारद्वाज, हंस राज, अशोक, अमलेला पंचायत प्रधान सुदर्शना देवी, एसडीओ जल शक्ति अमन सोनी, एसडीओ पीडब्ल्यूडी नरेंद्र, जेई सुशील, रजनीश, नगरोटा सूरियां स्कूल के प्रिंसिपल हरभजन, बरियाल स्कूल के प्रिंसिपल मुल्कराज, समस्त शिक्षकगण, कॉलेज स्टाफ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
-0-

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!