
नूरपुर से विनय महाजन:-नूरपुर। पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत पुलिस थाना डमटाल में एक व्यक्ति पर दराट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी की पहचान कुलविन्द्र सिंह उर्फ साबू पुत्र सतनाम सिंह, निवासी भदरोया, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को करनैल सिंह पुत्र हरनाम सिंह, निवासी वार्ड नंबर-4, गांव भदरोया, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा की शिकायत पर पुलिस थाना डमटाल में अभियोग संख्या 161/2026 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 109, 352, 351(2) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, जब वह भदरोया स्थित गत्ता फैक्टरी के पास से पैदल अपने घर की ओर जा रहा था, तभी कुलविन्द्र सिंह उर्फ साबू अपनी माता राजकुमारी उर्फ मुन्नी के साथ एक सफेद रंग की गाड़ी में वहां पहुंचा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इसी दौरान कुलविन्द्र सिंह उर्फ साबू ने उस पर दराट से हमला कर दिया। इस हमले में उसके बाएं कान एवं बाजू पर गंभीर चोटें आईं।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना डमटाल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।जिला पुलिस नूरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी वर्मा ने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी कुलविन्द्र सिंह उर्फ साबू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश पारित किए गए हैं। पुलिस मामले में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई कर रही है।

