
महमूदाबाद, सीतापुर-02-02-2026,अनुज कुमार जैन राज्य चीफ ब्यूरो
नगर के प्रसिद्ध श्री संकटा देवी मंदिर में माघ माह की पूर्णिमा के पावन अवसर पर रविवार की सायं भव्य सामूहिक आरती का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालु भक्तों ने सहभागिता कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वाद्य यंत्रों की मधुर थाप, संगीतमय आरती और जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा।

मां संकटा देवी मन्दिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रमेश वाजपेयी के नेतृत्व में आयोजित यह सामूहिक आरती सायं साढ़े छह बजे प्रारंभ हुई, जिसमें शामिल होने के लिए श्रद्धालु छह बजे से ही मन्दिर परिसर में जुटने लगे थे। भगवान गणेश की वंदना से आरंभ हुई इस महाआरती में मां संकटा देवी, भगवान शिव तथा जगतजननी आदिशक्ति मां दुर्गा की आराधना की गई। पं. पुरुषोत्तम मिश्र द्वारा वाद्य यंत्रों के साथ संगीतमय प्रस्तुति में सम्पन्न कराई गई आरती के दौरान ‘आरती मातु संकटा की, मनोरम मूरत ममता की’ के गान पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।
माघ पूर्णिमा के अवसर पर संपन्न हुई इस पावन महाआरती में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। समिति के अध्यक्ष रमेश वाजपेयी सहित ओम प्रकाश गुप्त, गौरव मिश्र, राहुल वाजपेयी, कौशल गुप्त आदि ने सुर, ताल और संगीत के साथ आरती को स्वर दिया। कार्यक्रम में डॉ0महराज सिंह, राजकुमार वर्मा, राजेंद्र वर्मा, कमलेश वर्मा, रमा कश्यप, यशवंत सैनी, शिवम विक्रांत, दक्ष पांडेय सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं सैकड़ों पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।

