प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अनुकूलता खोजें, भगवान राम के जीवन से लें प्रेरणा

महमूदाबाद (सीतापुर) राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन: आज देश की सभ्यता, संस्कृति और संस्कारों को दूषित करने का प्रयास जेन-जेड के नाम पर किया जा रहा है। विद्यार्थियों और युवाओं को ऐसे प्रयासों से दूर रहकर अपने संस्कारों और संस्कृति से जुड़े रहना चाहिए। अनुकूल परिस्थितियों में खुश होना और प्रतिकूल परिस्थितियों में निराश होकर डिप्रेशन में चले जाना उचित नहीं है।

जीवन में दोनों परिस्थितियों में समान व्यवहार करना चाहिए। प्रतिकूलता में भी अनुकूलता खोजने का प्रयास करें और भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन को सफल बनाएं। समय का सदुपयोग ही व्यक्ति की सफलता और असफलता निर्धारित करता है।

यह विचार अंतरराष्ट्रीय रामकथा वाचक शांतनु महाराज ने महमूदाबाद स्थित मां संकटा देवी मंदिर के विशाल सत्संग भवन में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए। वह यहां राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका विषय पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
शांतनु महाराज ने कहा कि युवा देश की शक्ति हैं।

उन्हें अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। भगवान श्रीराम के जीवन से धैर्य, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की सीख मिलती है। युवाओं को इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज और राष्ट्र के विकास में सहभागी बनना चाहिए।

माल्यार्पण कर किया गया स्वागत
कार्यक्रम में पहुंचे शांतनु महाराज का मां संकटा देवी धाम समिति के अध्यक्ष रमेश वाजपेयी , विधायक आशा मौर्या, डिप्टी चेयरमैन आंजनेय आशीष और वागीश दिनकर ने माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक अभिषेक, जिला संघचालक राजा राम, जिला कार्यवाह देवेंद्र सिंह, नगर कार्यवाह आशाराम, जिला प्रचारक सुरेंद्र, सह जिला प्रचारक विकल्प, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार गुप्त, अतुल वर्मा, ज्ञानेश मिश्र, प्रदीप गुप्ता, केके सिंह, शिवम गुप्त, शिवदास गुप्ता और कमलेश राजपूत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवा एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

