JAWALI ,21/01/2026,District Crime Investigation Reporter Dr. Navneet Kumar Sharma
ज्वाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंचायत ढन में बुधवार को एक 27 वर्षीय विवाहिता की जहरीली दवाई खाने से मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान राजेश कुमारी पत्नी संजीव कुमार निवासी ढन के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 4:30 बजे सिविल अस्पताल ज्वाली से पुलिस थाना ज्वाली को सूचना दी गई कि एक महिला को जहरीली वस्तु के सेवन के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उपचार के दौरान विवाहिता ने दम तोड़ दिया।
अस्पताल में मृतका की मां वैष्णो देवी पत्नी प्यार सिंह निवासी कंदौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व संजीव कुमार के साथ हुई थी। दंपती का पांच माह का एक बेटा है। मृतका का पति सोलन यूनिवर्सिटी में कार्यरत है। मां के अनुसार राजेश कुमारी कुछ दिन मायके में रहने के बाद दो दिन पहले ही ससुराल लौटी थी।
बुधवार को दिन के समय मां ने बेटी से फोन पर बात की थी। बातचीत के दौरान बच्चा बीमार होने की बात कही गई और सास के नगरोटा बगवां दवाई लेने जाने की जानकारी मिली। इसके बाद शाम करीब 3:30 बजे दोबारा फोन किया गया, लेकिन काफी देर तक कॉल रिसीव नहीं हुई। बाद में पड़ोसन ने फोन उठाकर बताया कि राजेश कुमारी को उल्टियां हो रही हैं और वह बातचीत की हालत में नहीं है। इसके बाद परिजनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मां ने स्पष्ट किया कि उनकी बेटी ससुराल में खुश थी और ससुराल पक्ष से किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतका के घर की तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई भी जहरीली वस्तु बरामद नहीं हुई। मृतका के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान भी नहीं पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है।

