भरमाड, 21 जनवरी 2026, संपादक राम प्रकाश की
जसूर–ज्वाली रोड पर बीती रात नियाल पेट्रोल पंप के समीप एक ट्रक चालक के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पीड़ित चालक मुकेश भारद्वाज ने बताया कि वह ट्रक नंबर PB10ES2859 में लुधियाना से ज्वाली की ओर किट्टी ब्रैड कंपनी का सामान लेकर आ रहा था। उसके साथ सेल्समैन मनोज कुमार भी मौजूद था। घटना रात करीब 12:15 बजे की है।

मुकेश के अनुसार, राजा का तालाब से आगे लगभग एक किलोमीटर चलने के बाद एक बोलेरो (HP 54 D 4040) ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। बोलेरो सवार युवकों ने करीब तीन किलोमीटर तक ट्रक का पीछा किया। स्थिति भांपते हुए चालक ने ट्रक तेज किया और नियाल पेट्रोल पंप के पास वाहन रोक दिया। इसी दौरान बोलेरो सवार बिना कुछ कहे डंडों से ट्रक के फ्रंट शीशे पर वार करने लगे और दो हेडलाइटें तोड़ दीं।

जब चालक और सेल्समैन बचाव के लिए नीचे उतरे तो आरोपियों ने डंडों से बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी और किसी तेजधार हथियार से हमला कर दोनों को घायल कर दिया। जान बचाने के लिए दोनों किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर खेतों की ओर भागे, तब जाकर अपनी जान बचा सके। पीड़ित ने बताया कि बोलेरो में 7–8 युवक सवार थे।
घटना के बाद 108 एंबुलेंस को कॉल कर दोनों घायलों को ज्वाली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के
दौरान मुकेश के सिर में 8 टांके और टांग में 6 टांके लगाए गए। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस थाना ज्वाली को दे दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।पुलिस अज्ञात हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

