Reading: सीएचसी पहला का डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने किया औचक निरीक्षण–सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

सीएचसी पहला का डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने किया औचक निरीक्षण–सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

RamParkash Vats
2 Min Read

सीतापुर/17 JAN 2026/राज्य चीफ ब्यूरोअनुज कुमार जैन

VIEDO

तहसील महमूदाबाद क्षेत्र में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहला का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मरीजों के पंजीकरण की व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति, वार्डों की स्थिति तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का गहनता से निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर इलाज, दवाओं और सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानी न हो और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक अनिवार्य रूप से पहुंचे। साफ-सफाई में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी गई तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी तहसील महमूदाबाद पहुंचे, जहां आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में उन्होंने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, विद्युत, आवास, पेंशन एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं।

इस अवसर पर महमूदाबाद विधायक आशा मौर्या, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार, उपजिलाधिकारी महमूदाबाद बी.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, टालमटोल या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें और शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को राहत पहुंचाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस शासन और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसका उद्देश्य जनता को त्वरित न्याय और राहत प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!