‘फिरोजपुर से लेकर मां संकटा देवी मंदिर तक जगह-जगह हुआ स्वागत, पटेल प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

महमूदाबाद, सीतापुर।-‘सेवा ही संगठन, संगठन ही शक्ति’ के संदेश के साथ बड़नगर से काशी तक निकली सेवा संकल्प बाइक यात्रा का विधानसभा 151 महमूदाबाद क्षेत्र में जोरदार स्वागत किया गया। यात्रा के महमूदाबाद पहुंचने पर विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने पुष्पवर्षा कर बाइक यात्रियों का स्वागत-अभिनंदन किया। यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

यात्रा सिधौली से रवाना होकर महमूदाबाद बॉर्डर स्थित फिरोजपुर चौराहा पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने बाइक यात्रियों का स्वागत किया और पुष्पवर्षा की। इसके बाद यात्रा सिरौली चौराहा पहुंची, जहां भी स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसके बाद यात्रा महमूदाबाद स्थित विधायक आवास पहुंची। यहां यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत करने के साथ जलपान कराया गया। कुछ समय रुकने के बाद यात्रा रामकुंड चौराहा के लिए रवाना हुई। रामकुंड चौराहे पर भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इसके बाद बाइक यात्रा बजाजा बाजार रोड होते हुए मां संकटा देवी मंदिर पहुंची, जहां यात्रियों एवं कार्यकर्ताओं ने दर्शन-पूजन किया। मंदिर दर्शन के बाद यात्रा अमीरगंज और महमूदाबाद बाईपास होते हुए अगले पड़ाव फतेहपुर के लिए रवाना हो गई।

यात्रा के महमूदाबाद पहुंचने पर विधायक आशा मौर्य की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की सक्रिय भागीदारी रही। यात्रा के दौरान सेवा, संगठन और समर्पण का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया।

