सत्य, अहिंसा, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का लिया संकल्प

महमूदाबाद, सीतापुर। सेठ रामगुलाम पटेल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के डायरेक्टर इंजी. क्षितिज चंद्रा ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डायरेक्टर इंजी. क्षितिज चंद्रा ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य और अहिंसा का मार्ग तथा लाल बहादुर शास्त्री का ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता, अनुशासन, मेहनत और राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सेठ रामगुलाम पटेल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुधीर कुमार, सेठ रामगुलाम मुनेश्वर प्रसाद आईटीआई एवं सेठ रामगुलाम डिग्री कॉलेज के प्रभारी, फील्ड कोऑर्डिनेटर उमेश कुमार, ऑफिस सुपरिटेंडेंट वीरेंद्र कुमार सहित संस्थान के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को महापुरुषों के जीवन एवं उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रहित और समाजहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।

