महमूदाबाद सीतापुर/20/11/2025/चीफ़ ब्यूरो अनुज कुमार जैन
महमूदाबाद, सीतापुर में अवैध कब्जों के खिलाफ चलाया जा रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान अब पूरी गति पकड़ चुका है। जिलाधिकारी सीतापुर डॉ. राजा गणपति आर. के सख्त निर्देशों के बाद नगरपालिका प्रशासन ने कस्बे को अतिक्रमण से मुक्त कराने की दिशा में निर्णायक कदम उठाए हैं। नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी नीलम चौधरी के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान में नगरपालिका परिषद की पूरी टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है। वहीं कस्बा इंचार्ज दीपक राठौर अभियान की निगरानी करते हुए टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान कर रहे हैं।

अभियान के दौरान टीम द्वारा मुख्य बाज़ार क्षेत्रों में दुकानों के आगे बनाए गए टीन शेड, तख्त, चबूतरे और अन्य अस्थायी निर्माणों को हटाया जा रहा है। कई जगहों पर तो लंबे समय से कब्जा जमाए हुए अवैध निर्माणों को भी मशीनों की मदद से ढहाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सड़क, मुख्य मार्ग, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापारियों को पूर्व में ही नोटिस देकर अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाने को कहा गया था, लेकिन निर्धारित समय में सुधार न होने पर मजबूरन कार्रवाई करनी पड़ी।

नगरपालिका की टीम लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रही है और जहां भी अतिक्रमण दिख रहा है, वहां तुरंत कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों ने अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि अतिक्रमण हटने से यातायात सुचारू होगा और बाजारों में अव्यवस्था कम होगी। वहीं कुछ व्यापारियों ने प्रशासन से समय देने की मांग की, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि कस्बे में स्वच्छ और सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ाई आवश्यक है।

इस अभियान के आगे भी जारी रहने की पूरी संभावना है, जिसका उद्देश्य महमूदाबाद को अतिक्रमण से पूरी तरह मुक्त कर सुचारू यातायात और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना है।

