न्यूज़ इंडिया आजतक/ 20/11/2025/राज्य चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल
SHIMLA: मंडी शहर के बिंद्रावणी क्षेत्र में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब निर्माण कार्य में लगी पाइलिंग मशीन अचानक तेज बहाव में पलट गई और मशीन ऑपरेटर ब्यास नदी में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और एसडीआरएफ मंडी यूनिट की टीमें मौके पर पहुंचीं और रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद अभी तक लापता ऑपरेटर का कोई पता नहीं चल पाया है। हादसे की जगह मंडी शहर से करीब तीन किलोमीटर दूर निर्माणाधीन जंक्शन प्वाइंट के समीप बताई जा रही है। लापता युवक की पहचान 21 वर्षीय तनवीर आलम, पुत्र मोहम्मद गुलाम गोस, निवासी बिहार के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार ब्यास नदी पर मंडी–पठानकोट नेशनल हाईवे के तहत पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। जिला प्रशासन और बीबीएमबी द्वारा पंडोह डैम से पानी छोड़े जाने की चेतावनी दिए जाने के बावजूद निर्माणाधीन कंपनी ने कार्य को जारी रखा। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने कंपनी पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात के समय अस्थायी पुलिया के माध्यम से तीन मशीनों को नदी के दूसरे छोर से चंडीगढ़–मनाली हाईवे की तरफ लाया जा रहा था। इनमें से दो मशीनें सुरक्षित निकल गईं, लेकिन तीसरी पाइलिंग मशीन तेज बहाव के कारण असंतुलित होकर नदी में पलट गई। इसी दौरान मशीन से उतरने की कोशिश कर रहे ऑपरेटर तनवीर आलम तेज धारा में बह गए।
एसडीआरएफ मंडी यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि 11 सदस्यीय टीम लगातार तलाशी अभियान में जुटी हुई है। नदी का बहाव तेज होने और रात में दृश्यता कम रहने के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन टीम पूरी सावधानी के साथ लापता युवक की तलाश कर रही है। अभी तक ऑपरेटर का कोई सुराग नहीं मिला है।
हादसे के बाद निर्माण कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों और मजदूरों में भी इस घटना को लेकर भय और रोष का माहौल बना हुआ है।

