केंद्रीय मंत्री श्री प्रतापराव जाधव 3 और 4 सितंबर 2025 को, नई दिल्ली में सरिता विहार के अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान में आयोजित ‘राष्ट्रीय आयुष मिशन और राज्यों में क्षमता निर्माण’ पर विभागीय शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे
राष्ट्रीय आयुष मिशन को मज़बूत करने, राज्यों की क्षमता बढ़ाने और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के बीच सहयोग को प्रोत्साहन देने के लिए दो दिवसीय राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन का आयोजन होगा
आयुष शिखर सम्मेलन में छह विषयगत उप-समूह वित्तीय प्रबंधन, गुणवत्ता आश्वासन, सूचना प्रौद्योगिकी आदि पर चर्चा करेंगे
शिखर सम्मेलन में वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ आयुष एकीकरण और क्षमता निर्माण पर विचार-विमर्श करेंगे–राष्ट्रीय आयुष मिशन और राज्यों में क्षमता निर्माण पर शिखर सम्मेलन
नई दिल्ली, 31 अगस्त 2025 | न्यूज़ इंडिया आजतकप्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आयुष मंत्रालय 3 और 4 सितंबर 2025 को नई दिल्ली के सरिता विहार स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) में “राष्ट्रीय आयुष मिशन और राज्यों में क्षमता निर्माण” पर दो दिवसीय विभागीय शिखर सम्मेलन आयोजित करने जा रहा है। इस शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव करेंगे।शिखर सम्मेलन का उद्देश्य राष्ट्रीय आयुष मिशन (एनएएम) को मज़बूत करना, राज्यों की क्षमता बढ़ाना और राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के बीच सहयोग को प्रोत्साहित करना है।
इसमें राज्य-विशिष्ट सुझावों और जमीनी स्तर से आए विचारों पर चर्चा होगी, जिससे आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध, सोवा रिग्पा और होम्योपैथी को और अधिक प्रभावी ढंग से एकीकृत किया जा सके।नीति आयोग के निर्देशानुसार, यह आयोजन वर्ष 2025 में चौथे मुख्य सचिव सम्मेलन के तहत निर्धारित छह विषयगत शिखर सम्मेलनों की श्रृंखला का अंतिम हिस्सा है। आयुष मंत्रालय को इस विषय का नोडल मंत्रालय बनाया गया है, जिसे स्वास्थ्य मंत्रालय का सहयोग प्राप्त है।
संवाद को सुचारु बनाने के लिए छह विषयगत उप-समूह गठित किए गए हैं। इनमें वित्तीय प्रबंधन, गुणवत्ता आश्वासन, संगठनात्मक सुधार, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ एकीकरण, आईटी आधारित डिजिटल सेवाएँ और आयुष चिकित्सा की ब्रांडिंग व पैकेजिंग जैसे मुद्दे शामिल हैं। प्रत्येक उप-समूह की जिम्मेदारी दो नोडल राज्यों को सौंपी गई है।
सम्मेलन में देशभर से वरिष्ठ अधिकारी, मिशन निदेशक, आयुष आयुक्त तथा विशेषज्ञ भाग लेंगे। इनमें नीति आयोग के सदस्य डॉ. वी.के. पॉल, आयुर्वेदाचार्य जे.एल.एन. शास्त्री, आईसीएमआर के पूर्व महानिदेशक डॉ. वी.एम. कटोच और प्रो. भूषण पटवर्धन जैसे प्रख्यात विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।यह शिखर सम्मेलन भारत सरकार की इस प्रतिबद्धता का प्रमाण है कि आयुष प्रणालियों को देश की स्वास्थ्य सेवा संरचना का अभिन्न हिस्सा बनाया जाए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच, गुणवत्ता और दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।-

