Reading: गगल एयरपोर्ट पर इजरायली नागरिक के बैग से जिंदा कारतूस बरामद, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज

गगल एयरपोर्ट पर इजरायली नागरिक के बैग से जिंदा कारतूस बरामद, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज

RamParkash Vats
2 Min Read

न्यूज इंडिया आजतक संसदीय क्षेत्र कांगड़ा -चंम्बा चीफ ब्यूरो विनय महाजन

कांगड़ा। गगल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान धर्मशाला से दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे एक इजरायली नागरिक के रजिस्टर्ड बैग से जिंदा कारतूस बरामद होने से सुरक्षा व्यवस्था में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विदेशी नागरिक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपी की पहचान लेवे उपनयन के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को स्पाइसजेट के सुरक्षा प्रभारी रोहित सोनी, निवासी गगल, ने दूरभाष के माध्यम से गगल पुलिस थाना को घटना की सूचना दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि गगल एयरपोर्ट पर धर्मशाला से दिल्ली जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या SG-2451 के यात्रियों के सामान की सुरक्षा जांच की जा रही थी।

इसी दौरान उक्त इजरायली नागरिक के रजिस्टर्ड बैग की एक्स-रे स्क्रीनिंग में सुरक्षा कर्मियों को अंदर एक जिंदा बुलेट दिखाई दी। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने कारतूस को तत्काल कब्जे में ले लिया और मामले की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ गगल एयरपोर्ट पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेने के साथ तथ्यों की पुष्टि की। पुलिस ने सुरक्षा प्रभारी रोहित सोनी के बयान भी दर्ज किए।

बयान के आधार पर पुलिस थाना गगल में आरोपी के खिलाफ मुकदमा नंबर 113/26, धारा 25(1)(a) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच मुख्य आरक्षी (HC) विकास भट्ट द्वारा की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जिंदा कारतूस विदेशी नागरिक के बैग में कहां से आया और उसे अपने सामान में ले जाने का उद्देश्य क्या था। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने के साथ मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!