खेरियां के लम्बे नाल में क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश, राहुल शर्मा ने युवाओं से खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का किया आह्वान
‘चिट्टा मुक्त नूरपुर, नशा मुक्त नूरपुर’ अभियान को लेकर राहुल शर्मा ने युवाओं को किया जागरूक, 20 सितंबर से 60 दिवसीय घर-घर संपर्क अभियान शुरू करने की घोषणा

नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव खेरियाँ के लम्बे नाल में आज आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में आईडिया ऑफ़ भारत फाउंडेशन के अध्यक्ष राहुल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों और उपस्थित युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया तथा नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।राहुल शर्मा ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत है। खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच देता है। इसलिए युवाओं को खेलों के साथ जोड़ना और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने इस अवसर पर “चिट्टा मुक्त नूरपुर, नशा मुक्त नूरपुर” अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आईडिया ऑफ़ भारत फाउंडेशन द्वारा 20 सितंबर 2026 से 60 दिवसीय “घर-घर संपर्क अभियान” शुरू किया जा रहा है। अभियान के तहत लोगों से घर-घर संपर्क कर नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।राहुल शर्मा ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि नशे से दूर रहना ही नहीं, बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी नशे से बचाने के लिए जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत और स्वस्थ नूरपुर के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।इस अवसर पर पवन पठानिया, मनजीत कुमार, शिव पाल, अशोक कुमार, सोनू पुंडरा, चेतन चौधरी, नीतीश चौधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

