नूरपुर प्रदेश के विधानसभा क्षेत्र के गांव कोपड़ा में बस सेवा सुचारू रूप से न चलने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में परिवहन की सुविधा पहले से ही सीमित है और यहां मात्र एक सरकारी बस आती है, लेकिन पिछले कुछ समय से वह बस भी गांव में नहीं पहुंच रही है। इसके चलते स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना जरूरी कामों के लिए आने-जाने वाले ग्रामीणों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैंl

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कोई भी निजी बस सेवा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में सरकारी बस ही लोगों के आवागमन का एकमात्र सहारा है।
बस के गांव में न आने से विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने और छुट्टी के बाद घर लौटने में परेशानी हो रही है। वहीं, रोजाना कामकाज के लिए बाहर जाने वाले लोगों को भी मजबूरन अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। * ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत कोपड़ा के प्रधान संदीप पठानिया से बस सेवा बहाल करवाने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए प्रधान संदीप पठानिया ने परिवहन विभाग तक अपनी आवाज पहुंचाते हुए गांव में जनहित मे बस सेवा जल्द सुचारू करने की मांग उठाई है।
इस संबंध में पठानकोट के रीजनल मैनेजर से बातचीत की गई उन्होंने बताया कि तकनीकी कारणों के चलते बस गांव में नहीं पहुंच पा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही जनहित में बस सेवा को दोबारा सुचारू रूप से शुरू कर दिया जाएगा।

