2 करोड़ 8 लाख 22 हजार रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज
न्यूज इंडिया आजतक राज्य चीफ ब्यूरो विजय समयाल
बद्दी। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ बद्दी पुलिस ने आर्थिक कार्रवाई तेज करते हुए एक परिवार से जुड़े लोगों की करीब 2 करोड़ 8 लाख 22 हजार रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज की है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई नालागढ़ थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस मामले की वित्तीय जांच के आधार पर की गई है। संपत्तियों में जमीन, मकान, कार और दोपहिया वाहन शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, 12 मई 2024 को टिक्कर पनौह निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा के कब्जे से 6.68 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई थी। मामले की जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने आरोपी और उसके परिजनों की संपत्तियों की वित्तीय जांच की। इस दौरान नशे के कारोबार से जुड़े कथित वित्तीय लिंक और संपत्तियों की पहचान की गई।
जांच के आधार पर अमरजीत कौर से संबंधित करीब 80.07 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई। इसमें टाटा पंच कार, एक्टिवा, टीवीएस जूपिटर, टिक्कर पनौह में करीब 7.10 बिस्वा भूमि और करीब पांच बिस्वा हिस्से पर बना दो मंजिला मकान शामिल है। पुलिस के अनुसार अमरजीत कौर फिलहाल पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत किशनपुरा जेल में निरुद्ध हैं।
इसी तरह सतनाम सिंह उर्फ सत्ती से जुड़ी करीब 83.15 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है। इसमें टीवीएस एनटॉर्क, एक्टिवा, मारुति जेन और 2.10 बिस्वा भूमि पर बना मकान शामिल है। पुलिस के अनुसार संबंधित भूमि और मकान उसकी पत्नी हिमांशी सहोत्रा के नाम दर्ज हैं। वहीं गुरप्रीत सिंह उर्फ जट्टा से संबंधित जेएचएसडीपी नालागढ़ स्थित 2 बीएचके मकान और भूमि, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये है, को भी फ्रीज किया गया है।
बद्दी पुलिस के अनुसार पिछले एक सप्ताह में नशा तस्करी से जुड़े मामलों में करीब 5.5 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इससे स्पष्ट है कि पुलिस अब केवल मादक पदार्थ बरामद करने और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर कथित नशा कारोबार से जुड़ी संपत्तियों की वित्तीय जांच पर भी जोर दे रही है।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि नशा तस्करों और अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान, वित्तीय जांच तथा कानून के अनुसार फ्रीजिंग अथवा जब्ती की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति को सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा।

