हाँ बदनामी के कारण उपजे विवाद के चलते एक कलयुगी भाई ने अपनी ही 16 वर्षीय नाबालिग बहन की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी।

महमूदाबाद-सीतापुर,तहसील के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बजेहरा में एक अत्यंत झकझोर देने वाली और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ बदनामी के कारण उपजे विवाद के चलते एक कलयुगी भाई ने अपनी ही 16 वर्षीय नाबालिग बहन की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान सुमिता पुत्री राजाराम के रूप में हुई है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ समय पूर्व परिजनों ने आरोप लगाया था कि कोई व्यक्ति नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बरामद कर लिया था और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया था।
न्यायालय में अपने बयान दर्ज कराने के बाद, अदालत के निर्देशानुसार नाबालिग को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लड़की ने अदालत और बयानों में यह बात कही थी कि वह घर में परिजनों की डांट-फटकार से क्षुब्ध होकर अपनी मर्जी से कहीं चली गई थी।
परंतु परिवार के भीतर और विशेषकर भाई के मन में इस घटना से सामाजिक बदनामी का भारी रोष था। इसी रंजिश के चलते आज सुबह भाई ने धारदार हथियार से हमला कर सुमिता का सिर काटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई काफी देर तक शव के पास बैठा रहा और मौका पाकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक सीतापुर, दुर्गेश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फील्ड यूनिट के साथ उच्चाधिकारियों ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
एएसपी दुर्गेश सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी भाई कोमल पुत्र राजाराम तथा गांव के अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नामजद मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। फरार मुख्य आरोपी भाई की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

