Reading: फतेहपुर से चलेगी प्रदेश की सिंचाई परियोजनाओं की कमान

फतेहपुर से चलेगी प्रदेश की सिंचाई परियोजनाओं की कमान

RamParkash Vats
3 Min Read

फतेहपुर को मिली बड़ी सौगात, ईएनसी प्रोजेक्ट कार्यालय फिर हुआ सक्रिय; उपमुख्यमंत्री मुकेश

अग्निहोत्री बोले— अब ज्यादा पावर के साथ फतेहपुर से संचालित होंगी प्रदेश की प्रमुख सिंचाई परियोजनाएं

फतेहपुर (कांगड़ा) राज्य चीफ ब्यूरो विजय समयाल:-हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जल शक्ति मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को जिला कांगड़ा के विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने फतेहपुर स्थित इंजीनियर-इन-चीफ (प्रोजेक्ट) कार्यालय तथा निर्माणाधीन बस अड्डे का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के उपरांत उपमुख्यमंत्री ने कहा कि फतेहपुर में स्थापित ईएनसी (प्रोजेक्ट) कार्यालय अब केवल एक कार्यालय नहीं रहेगा, बल्कि पहले से अधिक अधिकारों और जिम्मेदारियों के साथ कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि अब प्रदेश की प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं का संचालन फतेहपुर से होगा, जबकि जल शक्ति विभाग के पेयजल (वाटर सप्लाई) विंग के इंजीनियर-इन-चीफ शिमला में कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि सोमवार से ईएनसी प्रोजेक्ट कार्यालय फतेहपुर में इंजीनियर-इन-चीफ की नियमित उपस्थिति शुरू हो जाएगी। इससे फतेहपुर, इंदौरा, नूरपुर, जवाली, देहरा,ऊना और शाहपुर विधानसभा क्षेत्रों के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा तथा सिंचाई परियोजनाओं के कार्यों में तेजी आएगी।

शाहनहर, सिद्धाथा, फिना सिंह और सुखाहार परियोजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि शाहनहर सिंचाई परियोजना (फतेहपुर), सिद्धाथा नहर परियोजना (जवाली), फिना सिंह नहर परियोजना (नूरपुर) तथा सुखाहार सिंचाई योजना (जवाली) जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की निगरानी एवं संचालन अब फतेहपुर से होगा। इससे परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आने के साथ किसानों को समय पर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

जनता की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी: भवानी सिंह पठानिया

फतेहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया ने ईएनसी प्रोजेक्ट कार्यालय की बहाली को क्षेत्र की जनता के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने जनता से किया वादा निभाया है और इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि इस कार्यालय की स्थापना वर्ष 2013 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह तथा तत्कालीन विधायक स्वर्गीय सुजान सिंह पठानिया के प्रयासों से हुई थी। वर्ष 2019 में इसे मंडी स्थानांतरित कर दिया गया था, जिसके बाद क्षेत्र की जनता लगातार इसकी पुनः बहाली की मांग कर रही थी।

मुख्यमंत्री के वादे को मिला अमलीजामा

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 22 अप्रैल 2026 को जखबड़ में आयोजित जनसभा के दौरान ईएनसी प्रोजेक्ट कार्यालय को पुनः फतेहपुर लाने का वादा किया था। अब सरकार ने उस घोषणा को धरातल पर उतारते हुए क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा कर दिया है।

भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि ईएनसी कार्यालय के पुनः फतेहपुर आने से न केवल सिंचाई परियोजनाओं की निगरानी मजबूत होगी, बल्कि किसानों की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में भी उल्लेखनीय तेजी आएगी।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!