विचाराधीन फरार कैदी
बीमारी का इलाज करवाने आया चोरी का आरोपी पुलिस को चकमा देकर अस्पताल की खिड़की से फरार, पूरे क्षेत्र में मचा हड़कंप; सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने पकड़ा
फतेहपुर (कांगड़ा)राज्य चीफ ब्यूरो विजय समयाल
पुलिस जिला नूरपुर के तहत सिविल अस्पताल फतेहपुर में पुलिस हिरासत में लाए गए एक विचाराधीन कैदी के फरार होने की घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी को बीमारी के इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था, लेकिन उपचार के दौरान वह पुलिस निगरानी को धता बताते हुए अस्पताल परिसर से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश के लिए तत्काल बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना फतेहपुर की अभिरक्षा में आरोपी को स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिए सिविल अस्पताल फतेहपुर लाया गया था। बताया जा रहा है कि उपचार के दौरान आरोपी ने शौच जाने का बहाना बनाया और मौका पाकर अस्पताल की खिड़की से बाहर निकल गया। देखते ही देखते वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर सहित पुलिस जिला नूरपुर की विभिन्न टीमें सक्रिय हो गईं और अस्पताल परिसर समेत आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया।
कुटबासी पंचायत का मणी निकला फरार आरोपी, चोरी के मामले में था गिरफ्तार
पुलिस सूत्रों के अनुसार फरार आरोपी की पहचान मणी (25 वर्ष), निवासी ग्राम पंचायत कुटबासी के रूप में हुई है। आरोपी चोरी के एक मामले में गिरफ्तार था और बीमारी के चलते उसे उपचार के लिए अस्पताल लाया गया था। फरारी के बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और लगातार तलाश अभियान चलाया।
करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीमों ने आरोपी को दोबारा पकड़ने में सफलता हासिल कर ली। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली, लेकिन पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल से कैदी के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
थाना स्तर पर चुप्पी, एएसपी बोले—पूरे मामले की होगी जांच
घटना को लेकर पुलिस थाना फतेहपुर की ओर से तत्काल कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई। वहीं, एएसपी नूरपुर डी.सी. वर्मा ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाएगा कि पुलिस हिरासत में मौजूद आरोपी किन परिस्थितियों में फरार हुआ और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई।
एएसपी ने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित पुलिस कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

