Reading: फिरोजपुर चौराहे पर चोरों का आतंक, एक माह में दूसरी बार चोरी; तीन दुकानों के ताले तोड़े

फिरोजपुर चौराहे पर चोरों का आतंक, एक माह में दूसरी बार चोरी; तीन दुकानों के ताले तोड़े

RamParkash Vats
2 Min Read

बार-बार वारदात से व्यापारियों में दहशत, सीसीटीवी कैमरा हटने और छह माह से खराब स्ट्रीट लाइट पर उठे सवाल

महमूदाबाद, सीतापुर,राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन थाना महमूदाबाद क्षेत्र के सिधौली-महमूदाबाद मार्ग स्थित फिरोजपुर चौराहे पर चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने एक बार फिर तीन दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। खास बात यह है कि करीब एक माह पहले भी इसी चौराहे पर चोरी की घटना हो चुकी है। इसके बावजूद चोरों पर अंकुश नहीं लग सका। चोर दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और हजारों रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार विनोद प्रजापति पुत्र रामेश्वर प्रजापति की फास्ट फूड की दुकान का ताला तोड़ा गया। वहीं दीपू उर्फ प्रदीप पुत्र श्रीकेशन की दुकान से बीड़ी, तंबाकू, बिस्किट समेत अन्य सामान और करीब सात हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी सामने आई है। एक अन्य दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। सुबह दुकानों के ताले टूटे मिलने पर व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिसकर्मियों राजीव व शाकिर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

स्थानीय दुकानदार रामचंद्र, बबलू, सुधीर, लाला और चमन आदि ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बताया कि कुछ महीने पहले चौराहे पर लगाया गया सीसीटीवी कैमरा ग्राम प्रधान द्वारा हटवा लिया गया था। वहीं सांसद निधि से लगवाई गई स्ट्रीट लाइट भी करीब छह माह से खराब पड़ी है। व्यापारियों का कहना है कि अंधेरे और निगरानी व्यवस्था के अभाव में चोर लगातार वारदात कर रहे हैं।एक माह के भीतर दोबारा चोरी होने से व्यापारियों में नाराजगी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासा, नियमित रात्रि गश्त, सीसीटीवी कैमरा दोबारा लगवाने और खराब स्ट्रीट लाइट ठीक कराने की मांग की है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!