Reading: महमूदाबाद स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की बहाली की मांग

महमूदाबाद स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की बहाली की मांग

RamParkash Vats
3 Min Read

Sanketic photo

नागरिकों ने स्टेशन अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन

NEWS INDIA AAJ TAK
रिपोर्ट: अनुज कुमार जैन
महमूदाबाद, सीतापुर।

महमूदाबाद रेलवे स्टेशन पर पूर्व में संचालित ट्रेनों के ठहराव को पुनः बहाल कराने की मांग को लेकर नगरवासियों ने रेलवे प्रशासन के समक्ष आवाज बुलंद की है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार अनुज कुमार जैन, नगरपालिका सभासद अयूब अहमद डंम्पी तथा क्षेत्र के नागरिकों ने स्टेशन अधीक्षक, पूर्वोत्तर रेलवे महमूदाबाद के माध्यम से महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर को संबोधित ज्ञापन सौंपकर बंद किए गए ट्रेनों के ठहराव को तत्काल पुनः प्रारंभ करने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि कोविड-19 लॉकडाउन से पहले ट्रेन संख्या 54323/54324 बालामऊ–बुढ़वल पैसेंजर तथा 15211/15212 दरभंगा–अमृतसर जननायक एक्सप्रेस का महमूदाबाद रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव होता था, लेकिन लॉकडाउन के बाद इन ट्रेनों का ठहराव समाप्त कर दिया गया। इससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि महमूदाबाद स्थित माँ संकटा देवी मंदिर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। सावन, नवरात्रि एवं अन्य पर्वों के दौरान यहां हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ट्रेनों का ठहराव बंद होने के कारण श्रद्धालुओं को सीतापुर उतरकर लगभग 60 किलोमीटर अतिरिक्त यात्रा करनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।

इसके अतिरिक्त महमूदाबाद शिक्षा का भी प्रमुख केंद्र है। यहां कई डिग्री कॉलेज एवं इंटर कॉलेज संचालित हैं। लखनऊ, सीतापुर, बालामऊ और बुढ़वल से आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों को प्रतिदिन आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि महमूदाबाद तहसील मुख्यालय होने के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का प्रमुख केंद्र भी है। मरीजों, व्यापारियों एवं आम यात्रियों को रेलवे सुविधा के अभाव में अतिरिक्त समय और धन खर्च करना पड़ रहा है। क्षेत्र की आबादी दो लाख से अधिक है, जबकि निकटतम प्रमुख रेलवे स्टेशन लगभग 60 किलोमीटर दूर स्थित है।

नागरिकों ने रेलवे प्रशासन से जनहित, धार्मिक आस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं व्यापारिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दोनों ट्रेनों का महमूदाबाद रेलवे स्टेशन पर कम से कम दो मिनट का ठहराव तत्काल प्रभाव से पुनः प्रारंभ करने की मांग की।

इस अवसर पर नगरपालिका सभासद अयूब अहमद डंम्पी सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने रेलवे प्रशासन से क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को शीघ्र स्वीकार कर महमूदाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की बहाली सुनिश्चित करने की अपील की।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!