Reading: बालिका इंटर कॉलेज में समाचार-पत्र वितरण योजना

बालिका इंटर कॉलेज में समाचार-पत्र वितरण योजना

RamParkash Vats
2 Min Read

डॉ. अम्मार रिज़वी बोले—समाचार-पत्र ज्ञान, जागरूकता और व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम

महमूदाबाद (सीतापुर) ; राज्य चीफ ब्यूरो: अनुज कुमार जैन

महमूदाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार की समाचार-पत्र वितरण योजना के अंतर्गत शुक्रवार को महमूदाबाद नगर स्थित बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं को समाचार-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व कार्यवाहक डॉ. अम्मार रिज़वी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को अपने कर-कमलों से समाचार-पत्र प्रदान करते हुए नियमित रूप से समाचार-पत्र पढ़ने के लिए प्रेरित किया।

डॉ. अम्मार रिज़वी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की यह योजना विद्यार्थियों में अध्ययन की रुचि बढ़ाने, समसामयिक ज्ञान विकसित करने और जागरूक नागरिक बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि समाचार-पत्र केवल सूचनाओं का माध्यम नहीं, बल्कि ज्ञान, व्यक्तित्व विकास, भाषा कौशल और सामाजिक समझ को सशक्त बनाने का प्रभावी साधन हैं। नियमित अध्ययन से विद्यार्थियों को देश-विदेश, विज्ञान, शिक्षा, खेल, अर्थव्यवस्था और सामाजिक गतिविधियों की अद्यतन जानकारी प्राप्त होती है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में समसामयिक घटनाओं का ज्ञान प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है। समाचार-पत्र पढ़ने की आदत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायक सिद्ध होती है तथा विद्यार्थियों में तार्किक सोच, अभिव्यक्ति क्षमता और सीखने की नई प्रेरणा का विकास करती है। उन्होंने छात्राओं से प्रतिदिन समाचार-पत्र पढ़ने और ज्ञानवर्धक विषयों पर चर्चा करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने डॉ. अम्मार रिज़वी का स्वागत करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की इस योजना की सराहना की। प्राचार्या पूनम मौर्या एवं शिक्षकों ने कहा कि इस पहल से छात्राओं के शैक्षिक और बौद्धिक विकास को नई दिशा मिलेगी। इस अवसर पर शिक्षिका आशा, वसुंधरा कनोजिया, मौलाना आज़ाद इंस्टिट्यूट के कार्यालय अधीक्षक राजेश कुमार सिंह, डॉ. प्रदीप कुमार, इरफ़ान मंसूरी, प्रमोद तिवारी सहित विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!