ग्रामीणों ने कराया प्राथमिक उपचार, दोषी के खिलाफ कार्रवाई और गौसदन भेजने की उठाई मांग
Jawali ,News India Aaj Tak.EDITOR RAM PARKASH VATS
विकास खंड फतेहपुर की ग्राम पंचायत टकोली घिरथा के एक गांव में एक आवारा बैल के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति ने बैल की टांग पर तेजधार हथियार से गहरा घाव कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे चलने-फिरने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत के पूर्व प्रधान एवं श्री मणिमहेश गौसदन खब्बल हार के सदस्य लक्की स्टार रिहालिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ फार्मासिस्ट वंटी चौधरी और रमीत खट्टा भी मौजूद रहे। टीम ने घायल बैल का प्राथमिक उपचार करते हुए उसकी मरहम-पट्टी की और आवश्यक देखभाल सुनिश्चित की।
इस दौरान लक्की स्टार रिहालिया, पवन कुमार जट, प्रेम कुमार, सौरभ कुमार तथा गणेश कुमार ने पशुपालन विभाग से मांग की कि घायल आवारा बैल को शीघ्र गौसदन पहुंचाया जाए, ताकि उसका समुचित उपचार और देखभाल की जा सके। उन्होंने कहा कि बेसहारा पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी है।
ग्रामीणों ने इस अमानवीय कृत्य पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए प्रशासन से अज्ञात आरोपी की पहचान कर उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पशुओं के प्रति क्रूरता किसी भी सभ्य समाज के लिए चिंताजनक है और ऐसे मामलों में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होना आवश्यक है।

