Reading: नूरपुर पुलिस का नशे पर प्रहार, तस्करों के चूल्हे हिलने लगे

नूरपुर पुलिस का नशे पर प्रहार, तस्करों के चूल्हे हिलने लगे

RamParkash Vats
2 Min Read

CIA नूरपुर की लगातार कार्रवाई से मादक पदार्थ कारोबारियों में मचा हड़कंप, 39.14 ग्राम चिट्टा सहित तीन गिरफ्तार

नूरपुर, 23 जून 2026/ न्यूज इंडिया आजतक न्यूज डेस्क राम प्रकाश वत्स

जिला नूरपुर की सतर्कता और लगातार सख्त कार्रवाई से नशे के सौदागरों के चूल्हे हिलने लगे हैं। एक के बाद एक हो रही सफल कार्रवाइयों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब नशे का कारोबार करने वालों के लिए क्षेत्र में पैर जमाए रखना आसान नहीं रह गया है।

इसी कड़ी में CIA नूरपुर ने थाना इंदौरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 39.14 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दिनांक 22 जून 2026 को CIA नूरपुर की टीम कंडवाल, भदरोया, इंदौरा तथा डमटाल क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान गांव तमोता स्थित रेलवे फाटक के समीप पुलिस को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि कल्पना उर्फ कप्पू (27), उसकी बहन गुलफाम उर्फ रीता (32) तथा जीजा पवन कुमार (36), गांव बलागन, तहसील दसूहा, जिला होशियारपुर (पंजाब) के निवासी, मिलकर गांव तमोता स्थित आवासीय परिसर से चिट्टा बेचने का अवैध धंधा चला रहे हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान से 39.14 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

थाना इंदौरा में आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा संख्या 95/2026 के तहत धारा 21 और 29 एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

पुलिस अधीक्षक, नूरपुर ने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नूरपुर पुलिस का अभियान आगे भी इसी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा, ताकि युवाओं के भविष्य को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!