(सीतापुर)।राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन की रिपोर्ट
थाना क्षेत्र के रामपुर खेवटा गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती के शव गांव के बाहर खेत के पास एक पेड़ से लटके मिले। दोनों के शव एक ही दुपट्टे के दो फंदों के सहारे लटके हुए थे। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया। मृतकों की पहचान गांव निवासी प्रियवंश (22) और रजनी (19) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों शुक्रवार शाम से लापता थे। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने पेड़ से दोनों के शव लटकते देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटनास्थल पर श्रृंगार का सामान, बिंदी और सिंदूर भी पड़ा मिला। वहीं युवती की मांग में सिंदूर भरा हुआ था, जिससे क्षेत्र में विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे। यह भी बताया जा रहा है कि युवती का विवाह कहीं और तय हो चुका था। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

