सूत्रों के हवाले से
शिमला/NEWS INDIA AAJ TAK NEWS DESK राज्य विशेष कार्यबल (एसटीएफ) को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। सूत्रों के अनुसार, एसटीएफ की टीम ने एक कार से करीब 4.8 किलोग्राम चरस बरामद कर पंजाब के दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने चरस की खेप को बड़ी ही शातिर तरीके से कार के दरवाजों के अंदर बने गुप्त हिस्सों में छिपा रखा था, ताकि जांच एजेंसियों की नजर से बचा जा सके। हालांकि एसटीएफ की सतर्कता और गहन तलाशी के दौरान इस छिपे हुए जखीरे का पता चल गया।
सूत्र बताते हैं कि एसटीएफ को संदिग्ध वाहन के संबंध में पहले से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर नाकाबंदी कर वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर कार के दरवाजों से 4.8 किलो चरस बरामद हुई। इसके बाद वाहन में सवार पंजाब निवासी दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। मामले में नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

