Reading: पेट्रोल पंप पर भुगतान को लेकर विवाद, मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप,तहरीर मिलते ही पुलिस ने शुरू की जांच पड़ताल

पेट्रोल पंप पर भुगतान को लेकर विवाद, मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप,तहरीर मिलते ही पुलिस ने शुरू की जांच पड़ताल

RamParkash Vats
3 Min Read

महमूदाबाद ,सीतापुर: राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन

थाना रामपुर मथुरा क्षेत्र स्थित पर्वतपुर चौराहे पर संचालित ओम साईंनाथ पेट्रोल पंप पर रविवार शाम भुगतान को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। पेट्रोल पंप पर कार्यरत एक सेल्समैन ने कुछ लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अल्हनापुर निवासी कोमल कुमार पुत्र दिनेश कुमार, जो ओम साईंनाथ पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के पद पर कार्यरत हैं, ने थाना रामपुर मथुरा में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि रविवार शाम करीब सात बजे कुछ लोग मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। आरोप है कि पेट्रोल भरने के बाद जब उनसे भुगतान मांगा गया तो उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए विवाद शुरू कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, विरोध करने पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और कुछ ही देर में अपने अन्य परिजनों व साथियों को भी मौके पर बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद पेट्रोल पंप पर मौजूद अन्य कर्मचारियों के साथ भी हाथापाई की गई, जिसमें कई लोगों को चोटें आईं।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि विवाद बढ़ने पर आरोपित पेट्रोल पंप के कार्यालय में घुस गए और वहां तोड़फोड़ की। कार्यालय के दरवाजे को नुकसान पहुंचाने के साथ ही ईंट-पत्थरों से हमला किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। साथ ही पेट्रोल पंप में आग लगाने की धमकी देने की बात भी कही गई है।
घटना के बाद पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित ने रात करीब 10 बजे थाना रामपुर मथुरा पहुंचकर लिखित तहरीर देते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स संबंध में रामपुर मथुरा थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामू कनौजिया ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की सत्यता की जांच की जा रही है तथा जांच के उपरांत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!