महमूदाबाद , सीतापुर: राज्य चीफ ब्यूरो-अनुज कुमार जैन
जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महमूदाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुछ दिनों पूर्व हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से चोरी की नकदी, घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा तथा एक अवैध देशी तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेदप्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक भानुप्रताप सिंह के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
घटना का विवरण: पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को बिसवां थाना क्षेत्र के ग्राम मिरजापुर निवासी गुलशन पुत्र सरोज लखनऊ जाने के लिए एक ऑटो ई-रिक्शा पर सवार हुआ था। आरोप है कि महमूदाबाद बाईपास के पास चालक ने वाहन रोककर उसे नीचे उतार दिया और उसका बैग लेकर फरार हो गया। बैग में 20 हजार रुपये नकद तथा कपड़े रखे हुए थे। और
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना महमूदाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 213/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
ऐसे हुई गिरफ्तारी : जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 14 जून 2026 को शाम करीब 7:55 बजे नूरपुर से अगैय्या जाने वाली सड़क से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जितेन्द्र मिश्रा उर्फ छोटू मिश्रा पुत्र प्रेमप्रकाश मिश्रा, निवासी कलिमापुर, थाना रेउसा, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई गई है।
बरामदगी: पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई रकम में से शेष बचे 4,950 रुपये नकद, चोरी किया गया बैग, जिसमें इस्तेमाल किए गए कपड़े मौजूद थे, बरामद किए हैं। इसके अलावा एक अवैध 12 बोर देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा (UP-32-JN-7333) भी बरामद किया गया है। बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317(2) बीएनएस तथा 25(1-बी) आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास: पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध लखनऊ और सीतापुर जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2021 से लेकर वर्ष 2026 तक उसके खिलाफ सात आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम: इस सफल अनावरण में महमूदाबाद कोतवाली की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में शामिल पुलिसकर्मी निम्नलिखित हैं उपनिरीक्षक विनोद कुमार गिरी, उ.नि. शैलेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल विशाल गुप्ता, का. चन्द्र प्रकाश वर्मा, का. प्रशान्त कुमार आदि
महमूदाबाद पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए अपराध नियंत्रण की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया है।

