Reading: सिरमौर के दुर्गम क्षेत्रों में किन्नर समाज द्वारा अधिक धनराशि मांगने के मामलों पर प्रशासन ले संज्ञान : कपिल शर्मा

सिरमौर के दुर्गम क्षेत्रों में किन्नर समाज द्वारा अधिक धनराशि मांगने के मामलों पर प्रशासन ले संज्ञान : कपिल शर्मा

RamParkash Vats
2 Min Read

नाहन, सिरमौर/13/06/2026/ DCB :जिला सिरमौर के पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्रों में शादी-विवाह, बच्चे के जन्म तथा अन्य शुभ अवसरों पर किन्नर समाज द्वारा कथित रूप से अधिक धनराशि मांगने के मामलों को लेकर समाजसेवी कपिल शर्मा ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों से ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं, जिनमें परिवारों पर बड़ी धनराशि देने का दबाव बनाए जाने की बात कही जा रही है, जिससे गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवार आर्थिक बोझ महसूस कर रहे हैं।

कपिल शर्मा ने कहा कि पहले यह प्रथा मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों तक सीमित थी, लेकिन अब सिरमौर के पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में भी किन्नर समाज के लोगों का आना शुरू हो गया है। ऐसे में ग्रामीण परिवारों के सामने आर्थिक कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं।

उन्होंने जिले के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपनी-अपनी पंचायतों की पहली ग्रामसभा में इस विषय पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित करें। साथ ही स्वैच्छिक सहयोग राशि 500 रुपये से 1100 रुपये तक निर्धारित करने पर विचार किया जाए, ताकि किसी भी परिवार पर अनावश्यक आर्थिक दबाव न पड़े। उन्होंने सुझाव दिया कि ग्रामसभा से पारित प्रस्ताव की प्रति जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों को भी भेजी जाए।

कपिल शर्मा ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति अपनी खुशी और सामर्थ्य के अनुसार अधिक राशि देना चाहता है तो वह स्वेच्छा से दे सकता है, लेकिन किसी भी परिवार पर दबाव बनाकर या जबरदस्ती धनराशि मांगना उचित नहीं है। सहयोग हमेशा स्वेच्छा और सामाजिक सहमति के आधार पर होना चाहिए।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आम जनता की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सके तथा क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और शांति बनी रहे।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!