Reading: सिरमौर: सिविल अस्पताल सराहां में 26 अक्टूबर से शुरू होगी अल्ट्रासाउंड सुविधा, पच्छाद की जनता को मिलेगी राहत

सिरमौर: सिविल अस्पताल सराहां में 26 अक्टूबर से शुरू होगी अल्ट्रासाउंड सुविधा, पच्छाद की जनता को मिलेगी राहत

RamParkash Vats
2 Min Read

विधायक रीना कश्यप ने विधानसभा में उठाया था मामला, सप्ताह में एक दिन डेपुटेशन पर आएंगे रेडियोलॉजिस्ट

सराहां/सिरमौर —हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। आजादी के बाद पहली बार 26 अक्टूबर से सिविल अस्पताल सराहां में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने जा रही है। क्षेत्र के लोगों की दशकों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

विधायक रीना कश्यप

पच्छाद की विधायक रीना कश्यप ने सराहां अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध करवाने का मामला बार-बार विधानसभा में उठाया। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष भी क्षेत्रवासियों की इस समस्या को प्रमुखता से रखा। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश सरकार ने हाल ही में सिविल अस्पताल सराहां को अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध करवाई है।

फिलहाल, सराहां अस्पताल में सप्ताह में एक दिन रेडियोलॉजिस्ट की सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके लिए राजगढ़ से रेडियोलॉजिस्ट को डेपुटेशन पर भेजा जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

विधायक रीना कश्यप ने सराहां अस्पताल में नियमित रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की मांग भी उठाई है, ताकि लोगों को नियमित रूप से यह सुविधा मिल सके।

गौरतलब है कि सिविल अस्पताल सराहां पर पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की करीब 40 पंचायतों के लोग उपचार के लिए निर्भर हैं। क्षेत्रवासी लंबे समय से अस्पताल का दर्जा बढ़ाकर इसे 50 से 100 बिस्तरों वाला बनाने तथा आवश्यकतानुसार डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों के पद भरने की मांग कर रहे हैं।

सराहां अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। हालांकि, लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियमित नियुक्ति, पर्याप्त स्टाफ और बिस्तरों की संख्या बढ़ाने की मांग भी महत्वपूर्ण बनी हुई है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!