Reading: लोधिया घाटी रूट पर बस सेवा की बदहाली, सुंदरघाट से आगे नहीं जा रही

लोधिया घाटी रूट पर बस सेवा की बदहाली, सुंदरघाट से आगे नहीं जा रही

RamParkash Vats
3 Min Read

मीडिया प्रभारी बबलू मंटा ने उठाई नियमित बस चलाने की मांग, बसों की कमी और सड़क की स्थिति को लेकर परिवहन विभाग ने बताई मजबूरी

सिरमौर/संगड़ाह, 24 अक्टूबर:। श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के लोधिया घाटी रूट पर बस सेवा की अनियमितता को लेकर ग्रामीणों की परेशानी सामने आई है। नाहन-श्री रेणुकाजी-लोधिया घाटी रूट पर चलने वाली नीले रंग की लंबी बस सुंदरघाट से आगे नहीं जा पा रही है। इसके चलते शिबपुर, भवाई और लोधिया घाटी क्षेत्र के लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।संगड़ाह मंडल के मीडिया प्रभारी बबलू (मंटा) ने इस समस्या पर चिंता जताते हुए सरकार और परिवहन विभाग से लोधिया घाटी रूट पर नियमित बस सेवा बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नए बस रूट बढ़ाने के दावों के बीच पुराने रूटों पर भी नियमित परिवहन सुविधा सुनिश्चित करना जरूरी है।

स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को परेशानी

बबलू मंटा ने कहा कि बस सेवा नियमित नहीं होने से स्कूली विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में बस सेवा लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है। ऐसे में बसों की अनियमितता का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और लोगों के दैनिक कार्यों पर पड़ता है।उन्होंने मांग की कि सड़क की स्थिति के अनुरूप इस रूट पर 37 सीटर छोटी बस की नियमित दैनिक सेवा शुरू की जाए, ताकि शिबपुर, भवाई और लोधिया घाटी के लोगों को राहत मिल सके।

बस अड्डा इंचार्ज ने बताई बसों की कमी

ददाहू बस अड्डा इंचार्ज बली राम ने बताया कि संबंधित बस आज सुंदरघाट, शिबपुर, भवाई और लोधिया घाटी तक नहीं जाएगी।वहीं, नाहन बस अड्डा इंचार्ज धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बसों की कमी के कारण लोधिया घाटी रूट पर एक दिन छोड़कर बस भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि एक दिन नीले रंग की लंबी बस इस रूट पर भेजी जाती है, लेकिन अधिक लंबाई के कारण वह सुंदरघाट तक ही जा सकती है। सुंदरघाट-शिवपुर सड़क पर केवल 37 सीटर छोटी बस ही चल सकती है।

रोजाना बस चलाने की मांग

बबलू मंटा ने कहा कि परिवहन विभाग को सड़क की स्थिति और स्थानीय लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए छोटी बस की नियमित व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि लोधिया घाटी रूट पर प्रतिदिन बस सेवा सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!