शाहपुर/कांगड़ा/29/05/2026/Suter : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से वन विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। लपियाणा वन उपमंडल में तैनात एक फॉरेस्ट गार्ड पर ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में तीन महिला वन मित्रों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि वन विभाग ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी फॉरेस्ट गार्ड ड्यूटी के समय कथित रूप से अत्यधिक शराब के नशे में था। आरोप है कि उसने मौके पर मौजूद महिला वन मित्रों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए बिना किसी कारण चिल्लाना शुरू कर दिया। जब महिलाओं ने उसके व्यवहार का विरोध किया तो मामला बढ़ गया और कथित तौर पर आरोपी ने हाथापाई शुरू कर दी।बताया जा रहा है कि इस घटना में तीन महिला वन मित्र घायल हुई हैं। घटना के तुरंत बाद पीड़ित महिलाओं ने पुलिस और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी फॉरेस्ट गार्ड को हिरासत में ले लिया।

उधर, वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। धर्मशाला के वन मंडलाधिकारी (DFO) अमित शर्मा ने पूरे मामले में विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं। विभाग का कहना है कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।वन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच प्रक्रिया के दौरान किसी भी पीड़िता अथवा गवाह पर किसी प्रकार का दबाव न बने, इसके लिए आरोपी कर्मचारी का मुख्यालय धर्मशाला डिवीजन से बाहर निर्धारित किया गया है। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता अथवा अभद्र व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और विभागीय कर्मचारियों में भी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि सरकारी संस्थानों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सकारात्मक संदेश देती है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पीड़ित महिलाओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। विभागीय जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद आरोपी के खिलाफ आगामी कार्रवाई तय की जाएगी।

