खैराबाद सीतापुर 26/05/2026 Reporter बिन्दू मौर्या
थाना क्षेत्र के मोहल्ला जोशी टोला में 13 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। हत्या की आशंका और परिवार के विरोधाभासी बयानों के बीच प्रशासन ने कब्र खुदवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
मृतका अर्पिता जोशी पुत्री रामलखन की 12 मार्च 2026 की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। मृतका की मौसी अनामिका जोशी पत्नी सचिन कुमार जोशी ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि किशोरी की हत्या कर बिना पोस्टमार्टम जल्दबाजी में शव को दफना दिया गया।
प्रार्थना पत्र में दावा किया गया कि घटना के बाद परिवार के लोगों द्वारा अलग-अलग बयान दिए गए। पहले दूसरी मंजिल से गिरने, फिर जाल पर गिरने और बाद में सीढ़ियों से गिरने की बात कही गई, जिससे पूरे मामले पर संदेह गहरा गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. के निर्देश पर तहसीलदार सदर अजीत जायसवाल की निगरानी में कब्र खुदवाकर शव बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया। चौकी इंचार्ज आकांक्षा यादव ने बताया कि प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।

