Reading: पत्नी की मौत के बाद टूटे राकेश मिश्रा ने लाइसेंसी बंदूक से खुद को मारी गोली, मौके पर मौत

पत्नी की मौत के बाद टूटे राकेश मिश्रा ने लाइसेंसी बंदूक से खुद को मारी गोली, मौके पर मौत

RamParkash Vats
2 Min Read

महमूदाबाद, सीतापुर26/05/2026/राज्य चीफ ब्यूरो-अनुज कुमार जैन


कोतवाली महमूदाबाद क्षेत्र के ग्राम मरहमतनगर भेथरा में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर जान दे दी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी राकेश मिश्रा पुत्र अवध नारायण मिश्रा पिछले करीब दो वर्षों से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। परिजनों के मुताबिक उनका इलाज लखनऊ में चल रहा था और स्वास्थ्य में कुछ सुधार भी हो रहा था। करीब दो माह पूर्व उनकी पत्नी रजनी देवी का बीमारी के चलते निधन हो गया था, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे राकेश मिश्रा घर के आंगन में चारपाई पर लेटे हुए थे। इसी दौरान उन्होंने कमरे में टंगी अपनी लाइसेंसी एकनाल बंदूक उतार ली। मृतक के पुत्र मनीष मिश्रा ने बताया कि उनकी पत्नी ने बंदूक हटाने का प्रयास किया, लेकिन राकेश मिश्रा ने बंदूक देने से इनकार कर दिया। इसके बाद जब वह घर के बाहर मौजूद अन्य परिजनों को बुलाने गईं, तभी गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली लगने से राकेश मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के दो पुत्र हैं। बड़ा बेटा प्रदीप मिश्रा परिवार सहित लखनऊ में रहता है, जबकि छोटा बेटा मनीष मिश्रा गांव में ही रहता है। परिजनों के अनुसार पत्नी की मौत के बाद से राकेश मिश्रा अक्सर निराशा भरी बातें किया करते थे।
घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम और महमूदाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
मौके पर कोतवाली प्रभारी भानु प्रताप सिंह, उप निरीक्षक धर्मेंद्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल रवि कुमार, कांस्टेबल विख्यात, कांस्टेबल मोहित गुप्ता सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!