संकेतिक चित्र
न्यूज इंडिया आजतक -हिमाचल न्यूज डेस्क

उपमंडल जवाली में सामने आई यह घटना केवल एक अवैध मकान पर चला बुलडोजर नहीं, बल्कि समाज को एक सख्त संदेश भी है कि नशे के कारोबार से खड़ी की गई दौलत ज्यादा समय तक टिकती नहीं। जिस धन से दूसरों के बसे-बसाए घर उजड़ते हैं, वही कमाई एक दिन बर्फ की तरह पिघल जाती है।

जवाली के भोल क्षेत्र में नूरपुर पुलिस द्वारा कथित नशा तस्कर के अवैध मकान को ध्वस्त किए जाने की कार्रवाई ने पूरे क्षेत्र में चर्चा छेड़ दी है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा सरकारी भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर मकान बनाया गया था तथा यह संपत्ति नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से जुड़ी बताई गई। राजस्व विभाग की निशानदेही के बाद प्रशासन ने कानून के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया।

यह भी कटु सत्य है कि नशे का कारोबार केवल कानून नहीं तोड़ता, बल्कि परिवारों की खुशियां, युवाओं का भविष्य और समाज की शांति भी निगल जाता है। जो लोग चंद पैसों के लालच में युवाओं को नशे की दलदल में धकेलते हैं, वे अनगिनत घरों में मातम और बर्बादी का कारण बनते हैं।

ऐसे में पुलिस की कार्रवाई उन लोगों के लिए चेतावनी है, जो अवैध कमाई के सहारे साम्राज्य खड़ा करने का सपना देखते हैं।कुलभूषण वर्मा ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई होगी। स्थानीय लोगों में इस कदम को लेकर संतोष देखा जा रहा है तथा इसे नशे के खिलाफ मजबूत संदेश माना जा रहा है।संपादकीय संदेश:नशा केवल शरीर को नहीं, समाज की आत्मा को भी खोखला करता है। अवैध कमाई की चमक क्षणिक होती है, लेकिन उसके परिणाम पीढ़ियों तक दर्द छोड़ जाते हैं।

