Reading: अवैध खनन में दौड़ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से युवक की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

अवैध खनन में दौड़ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से युवक की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच

RamParkash Vats
3 Min Read
मृतक का फाइल चित्र

कोतवाली महमूदाबाद क्षेत्र में कथित अवैध खनन में लगे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित परिवार ने अवैध खनन में लगे वाहनों की लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण बताते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना रामपुर कलां क्षेत्र के नयागांव निवासी कुतुबुद्दीन पुत्र नसरुद्दीन रविवार 10 मई 2026 को करीब 12 बजे मोटरसाइकिल से महमूदाबाद की ओर आ रहे थे। इसी दौरान शारदा नहर स्थित मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुतुबुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली से हादसा हुआ, वह कथित रूप से अवैध खनन कार्य में लगी हुई थी।
पीड़ित परिवार द्वारा कोतवाली महमूदाबाद में दिए गए प्रार्थना पत्र में थाना महमूदाबाद क्षेत्र के तेतारपुर गांव निवासी पंकज वर्मा नामक खनन ठेकेदार का नाम भी उल्लेखित किया गया है। आरोप है कि क्षेत्र में अवैध तरीके से खनन कराए जाने के कारण सड़कों पर दिन-रात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का आवागमन बना रहता है। तेज रफ्तार और अव्यवस्थित तरीके से चल रहे ये वाहन आम राहगीरों और छोटे वाहनों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन में लगे भारी वाहन खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बना हुआ है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि अवैध खनन और बेलगाम ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर समय रहते रोक नहीं लगी तो आगे भी ऐसे हादसे हो सकते हैं।
उधर, महमूदाबाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक की तलाश की जा रही है। पीड़ित परिवार ने आरोपी चालक एवं कथित खनन ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!