Reading: बबली का हत्यारा था हरिनाम: आम के पेड़ से लटकता मिला शव, हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका

बबली का हत्यारा था हरिनाम: आम के पेड़ से लटकता मिला शव, हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका

RamParkash Vats
2 Min Read

मानपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है, जहां कुछ दिन पहले महिला बबली देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नामजद आरोपी हरिनाम का शव आम के पेड़ से लटका मिला। इस घटनाक्रम से पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदुआ में बीते दिनों बबली देवी का शव बंद कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला था। इस घटना ने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की थी। घटना के बाद मृतका के पति इंद्रपाल ने अपने भांजे हरिनाम पर हत्या का आरोप लगाया था। आरोप लगने के बाद से ही पुलिस हरिनाम की तलाश में जुटी हुई थी और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

इसी बीच मंगलवार को नया मोड़ सामने आया। अशर्फी लाल की बाग में एक आम के पेड़ से युवक का शव लटकता मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पहचान कराई। मृतक की पहचान हरिनाम पुत्र जयपाल निवासी ग्राम नबीनगर थाना लहरपुर के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह तेंदुआ ग्राम पंचायत भनवापुर क्षेत्र में छिपा हुआ था।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बबली देवी की हत्या के बाद हरिनाम ने गिरफ्तारी के डर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटनास्थल से पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।इस दोहरी घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!