जवाली, (Ram Parkash Vats): नगर परिषद जवाली के तहत भनेई क्षेत्र में देर रात पेड़ काटने और महिला से दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता नीतू कुमारी ने आरोप लगाया है कि स्थानीय निवासी अमित चौधरी ने वन विभाग की अनुमति के बिना सागवान सहित एक अन्य पेड़ काट दिया। जब उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी और अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो आरोपी ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया।

नीतू कुमारी के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें धमकाया भी। इस दौरान उनका बेटा सारांश बीच-बचाव के लिए आया तो उसके साथ भी आरोपी और उसके साथियों ने मारपीट की। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका बेटा हाल ही में गंभीर बीमारी से उबरा है, जिसके बावजूद उसके साथ मारपीट की गई, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कटे हुए सागवान की लकड़ी को कब्जे में ले लिया। विभाग के अनुसार जब्त लकड़ी की अनुमानित बाजार कीमत करीब 55 से 60 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में आरओ जवाली आशीष कुमार ने बताया कि विभाग को शिकायत प्राप्त हुई है। प्राथमिक कार्रवाई के तहत लकड़ी को सीज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मौके पर निशानदेही कर यह पता लगाया जाएगा कि पेड़ किस भूमि से काटे गए हैं। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वही आरओ जवाली आशीष कुमार ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है तथा विभाग ने लकड़ी को सीज कर लिया है। मौका पर निशानदेही करवाकर पता लगाया जाएगा कि वृक्ष किस भूमि से काटे गए हैं उसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

