ज्वाली। विधानसभा क्षेत्र ज्वाली की ग्राम पंचायत भरमाड़ के वार्ड नंबर-4 में गौशाला से करीब चार माह के बकरे के चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पशु मालिक ने पंचायत प्रतिनिधियों को सूचना देकर बकरा वापस लौटाने की अपील की है।

पशु मालिक जीवन कुमार के अनुसार, वह रोजाना की तरह अपनी बकरियों और बकरी के बच्चों को गौशाला में बांधकर रात को घर चले गए थे। सुबह करीब छह बजे जब वह गौशाला पहुंचे तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो करीब चार माह का बकरा वहां मौजूद नहीं था।बकरा गायब मिलने के बाद जीवन कुमार ने अपने परिजनों को मौके पर बुलाया और घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत भरमाड़ के प्रधान सुरेश कुमार खट्टा को भी फोन के माध्यम से मामले से अवगत करवाया।
जीवन कुमार ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति बकरे को अपने साथ ले गया है तो उसे वापस गौशाला में छोड़ दे। उनका कहना है कि बकरा उनके परिवार के लिए महत्वपूर्ण है और उन्हें उम्मीद है कि वह जल्द वापस मिल जाएगा।फिलहाल घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है। बकरा किन परिस्थितियों में गौशाला से गायब हुआ, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

