Reading: ट्रांसफार्मर हटाने पर बवाल: ओम विहार कॉलोनी के लोगों में आक्रोश

ट्रांसफार्मर हटाने पर बवाल: ओम विहार कॉलोनी के लोगों में आक्रोश

RamParkash Vats
3 Min Read

विद्युत अभियंता पर मनमानी का आरोप


महमूदाबाद, सीतापुर 27 फरवरी 2026 राज्य ब्यूरो चीफ़ अनुज कुमार जैन

तहसील महमूदाबाद क्षेत्र के ओम विहार कॉलोनी, ठाकुरपुर में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब विद्युत विभाग के लाइनमैन द्वारा तीन माह पूर्व लगाए गए नए ट्रांसफार्मर और पांच विद्युत पोलों पर लगी एल.टी. लाइन को हटाने का प्रयास किया गया। इस कार्रवाई से नाराज कॉलोनीवासियों ने मौके पर विरोध जताते हुए इसे नियम विरुद्ध और जनहित के खिलाफ बताया।
कॉलोनी के निवासियों के अनुसार, ओम विहार कॉलोनी में लगभग 45 आवास बने हुए हैं, जिनमें से करीब 35 घरों में पहले से ही ठाकुरपुर क्षेत्र के ट्रांसफार्मर से विधिवत विद्युत कनेक्शन दिए जा चुके हैं। सभी उपभोक्ताओं का बिजली बिल नियमित रूप से जमा है और किसी पर कोई बकाया नहीं है। कॉलोनी में कुछ प्रधानमंत्री आवास भी निर्मित हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नए कनेक्शन के लिए आवेदन करने पर विभागीय कर्मचारियों द्वारा अवैध धनराशि की मांग की जाती है। पैसा देने से मना करने पर आवेदन निरस्त कर दिए जाते हैं और विभिन्न नियमों का हवाला देकर प्रक्रिया को लंबित कर दिया जाता है।
निवासियों का कहना है कि कॉलोनी में लो-वोल्टेज की समस्या को देखते हुए पूर्व विद्युत अभियंता द्वारा तीन माह पूर्व कॉलोनी सीमा विस्तार में नया ट्रांसफार्मर और पांच पोल लगवाए गए थे। वर्तमान में यूपी बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, ऐसे समय में ट्रांसफार्मर हटाने की कार्रवाई से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है।
26 फरवरी 2026 को जब लाइनमैन ट्रांसफार्मर और एल.टी. लाइन हटाने पहुंचे तो कॉलोनीवासियों ने इसका विरोध किया। आरोप है कि वर्तमान विद्युत अभियंता व्यक्तिगत लाभ के लिए ट्रांसफार्मर को किसी अन्य मोहल्ले में लगवाना चाहते हैं। फोन पर हुई बातचीत में अभियंता द्वारा बताया गया कि यह ट्रांसफार्मर किसी अन्य क्षेत्र का है, लेकिन उसके समर्थन में कोई लिखित आदेश या स्वीकृत स्टीमेट प्रस्तुत नहीं किया गया।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बिना किसी लिखित आदेश और विधिक प्रक्रिया के ट्रांसफार्मर को न हटाया जाए तथा उसे यथास्थान रहने दिया जाए। लोगों का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से सरकार की छवि धूमिल हो रही है।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और कॉलोनीवासी उच्चाधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!