Reading: शतरंज प्रतियोगिता में तनिष्क रहे विजेता,राज्य स्तरीय बाल मेले में जीतकर लौटे मेधावी का स्कूल में भव्य स्वागत

शतरंज प्रतियोगिता में तनिष्क रहे विजेता,राज्य स्तरीय बाल मेले में जीतकर लौटे मेधावी का स्कूल में भव्य स्वागत

RamParkash Vats
2 Min Read
शतरंज प्रतियोगिता में तनिष्क रहे विजेता राज्य स्तरीय बाल मेले में जीतकर लौटे मेधावी का जवाली स्कूल में स्वागत प्रधानाचार्य व स्कूल प्रबंधन समिति ने दी बधाई

खेल प्रतिभाओं की धरती बनता जा रहा पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जवाली एक बार फिर गौरवान्वित हुआ है। हमीरपुर में आयोजित राज्य स्तरीय बाल मेले की शतरंज प्रतियोगिता में स्कूल के होनहार छात्र तनिष्क ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।

तनिष्क की इस उपलब्धि से स्कूल परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विजयी छात्र के स्कूल पहुंचते ही प्रधानाचार्य प्रभात चंद्र पावा, स्कूल प्रबंधन समिति के चेयरमैन राकेश शर्मा तथा समस्त स्टाफ ने हार पहनाकर और ट्रॉफी देकर उसका भव्य स्वागत किया।

प्रधानाचार्य प्रभात चंद्र पावा ने कहा कि तनिष्क की सफलता न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कोचिंग स्टाफ के प्रयासों की भी सराहना की। स्कूल प्रबंधन समिति के चेयरमैन राकेश शर्मा ने भी तनिष्क और उनके प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय में खेल गतिविधियों को लगातार प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

विद्यालय के प्रवक्ता एवं शारीरिक शिक्षा एवं योग प्रशिक्षक अजय कुमार तथा पीईटी सुशील कुमार ने बताया कि तनिष्क पहले भी डाईट धर्मशाला में आयोजित जिला स्तरीय बाल मेले में शतरंज प्रतियोगिता में विजेता रह चुका है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में प्रारंभिक और वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों को नियमित रूप से शतरंज का प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रवक्ता वंदना धीमान, रोहणी शर्मा, मोनिका डोगरा, रामेश्वर दत्त, कमल सिंह, संजय कुमार, भुवनेश शर्मा, कपिल देव, पवन कुमार, अजय कुमार, राजेश्वर सिंह सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि तनिष्क भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएगा।

फोटो: राज्य स्तरीय बाल मेले में विजेता रहे तनिष्क को सम्मानित करते विद्यालय के स्टाफ सदस्य।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!