ज्वाली सिविल अस्पताल आरकेएस बैठक में बजट पारित, विकास कार्यों पर मंथन
Bharmar News India Aaj Tak,(Jawali)Mainoffice Bharmar,Editor Ram Parkash Vats:
Himachal Prakash में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ और सुलभ बनाने की दिशा में सरकार लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने सिविल अस्पताल ज्वाली में रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक में वित्त वर्ष 2024-25 के बजट को अनुमोदित किया गया, जबकि वर्ष 2025-26 के प्रस्तावित बजट को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। इस दौरान अस्पताल के विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा वर्तमान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर उपचार मिले, ताकि उन्हें दूर-दराज के बड़े अस्पतालों के चक्कर न काटने पड़ें।
उन्होंने जानकारी दी कि उपमंडल स्तर पर आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों का विकास किया जा रहा है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। ज्वाली सिविल अस्पताल में भी लगभग सभी विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात किए जा चुके हैं और यहां सेवाओं को और मजबूत करने के प्रयास जारी हैं।
मंत्री ने बताया कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में एडवांस और रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत हो चुकी है। सरकार चरणबद्ध तरीके से आधुनिक चिकित्सा तकनीकों को उपमंडल स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है।
ज्वाली सिविल अस्पताल में 6.42 करोड़ रुपये की लागत से 50 बिस्तरों के अतिरिक्त ब्लॉक का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस नए ब्लॉक में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे क्षेत्र के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी अप्रैल से मरीज पर्ची पर 10 रुपये, ईसीजी जांच पर 50 रुपये तथा अल्ट्रासाउंड जांच पर 200 रुपये यूजर चार्ज निर्धारित किया जाएगा। यह कदम अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
साथ ही अस्पताल में विद्युत जनरेटर स्थापित करने की मांग को भी स्वीकार करते हुए मंत्री ने शीघ्र इसे पूरा करने का आश्वासन दिया।बैठक में एसडीएम नरेंद्र जरियाल, बीएमओ डॉ. अमन दुआ, एसएमओ डॉ. आशुतोष, बीडीओ मनोज शर्मा सहित अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

