काठगढ़ (हिमाचल प्रदेश), 10 फरवरी 2026/ Main Office Bharmar Editor Ram Parkash vats
सनातन संस्कृति, राष्ट्र की अखंडता और सामाजिक समरसता के उद्देश्य को लेकर राष्ट्रीय अखंड सनातन सेना का विधिवत शुभारंभ आज हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक एवं पावन काठगढ़ महादेव मंदिर के प्रांगण में धार्मिक विधि-विधान के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नारियल तोड़कर एवं भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेकर की गई, जिससे पूरे आयोजन में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर संगठन का शुभारंभ राष्ट्रीय चेयरमैन श्री नरेश कुमार संजू की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। अपने संबोधन में श्री संजू ने कहा कि राष्ट्रीय अखंड सनातन सेना का उद्देश्य सनातन मूल्यों की रक्षा, समाज में नैतिक चेतना का प्रसार तथा राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर संगठित एवं सकारात्मक भूमिका निभाना है। उन्होंने संगठन को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को इससे जोड़ने का आह्वान भी किया।
शुभारंभ समारोह में पंजाब एवं हिमाचल प्रदेश से बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संगठन के उद्देश्यों के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए इसे मजबूत बनाने का संकल्प लिया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि सनातन संस्कृति भारतीय सभ्यता की आत्मा है और इसके संरक्षण हेतु संगठित प्रयास समय की आवश्यकता हैं।
कार्यक्रम में जिन प्रमुख पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति रही, उनमें नरेश कुमार संजू, दिशाल, जोगिंदर पाल जग्गी, सुधा शर्मा, कंस पाल, प्रेम चंद कटोच, प्रवीन थापा, विजयेंद्र सिंह परमार, अश्वनी जौड़ा, रवि कुमार लाटा, रविंद्र सिंह, दिवाकर गुप्ता, राहुल शर्मा, अमित कुमार, विवेक कुमार, विवेक, सुरजीत सिंह, रविंदर सिंह तथा रोहित आनंद शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में संगठन की नीतियों और विचारधारा के प्रति समर्थन व्यक्त किया।

इस अवसर पर यह भी घोषणा की गई कि शीघ्र ही आगामी बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी जाएगी। संगठन की ओर से स्पष्ट किया गया कि कार्यकारिणी का चुनाव सर्वसम्मति से किया जाएगा, जिससे संगठन में एकता और पारदर्शिता बनी रहे।
समारोह के अंत में भगवान भोलेनाथ से संगठन की सफलता, देश की अखंडता और समाज में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की कामना की गई।

