FEATHPUR (KANGRA)03 feb 2026/ SCB VIJAY SAMYAL
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए विधायक भवानी सिंह पठानिया ने शुक्रवार को फतेहपुर में बनने जा रहे नए बस अड्डे के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन संपन्न हुआ।
इस मौके पर विधायक भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि लंबे समय से फतेहपुर क्षेत्र के लोगों की मांग रही है कि यहां आधुनिक सुविधाओं से लैस बस अड्डे का निर्माण हो। बस अड्डा बनने से यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित परिवहन सुविधा मिलेगी, वहीं क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
भूमिपूजन समारोह में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। लोगों ने विधायक का आभार जताते हुए इस परियोजना को फतेहपुर के विकास के लिए मील का पत्थर बताया।
बताया जा रहा है कि प्रस्तावित बस अड्डे में यात्री प्रतीक्षालय, शौचालय, पार्किंग सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर निर्धारित समय सीमा में पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।

