News India Desk 03 Feb 2026,Editor Ram Parkadh Vats :
हिमाचल प्रदेश रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एचआरटीसी) की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
बस में कुल 30 से ज्यादा यात्री सवार थे।यह दर्दनाक हादसा क्वाणु इलाके में सुदोई खड्ड के पास हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मीनस–क्वाणु–हरिपुर सड़क पर एक ट्रक को साइड देने के दौरान सड़क का किनारा अचानक धंस गया। इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया, बस कई बार पलटी और सीधे गहरी खाई में जा समाई। हादसा इतना भयानक था कि बस के गिरते ही इलाके में चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और बिना किसी देरी के घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। सूचना मिलते ही कालसी थाना पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। खाई की गहराई और दुर्गम भू-भाग के कारण राहत कार्यों में काफी मशक्कत करनी पड़ी।अधिकारियों के मुताबिक, यह बस चौपाल-नेरवा से पांवटा साहिब जा रही थी। बस सुबह करीब 6:30 बजे चौपाल डिपो से नेरवा पहुंची और वहां से मीनस-क्वाणु-हरिपुर रूट होते हुए पांवटा साहिब के लिए रवाना हुई थी।
हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ।घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने सभी मेडिकल सेंटरों को अलर्ट मोड पर रखा है।हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि कालसी क्षेत्र में बस दुर्घटना की खबर अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने जिला मजिस्ट्रेट से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली और त्वरित राहत-बचाव के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर उच्च स्तरीय चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया जाएगा।फिलहाल, राहत और बचाव कार्य जारी हैं। प्रशासन हादसे के कारणों की विस्तृत जांच में जुट गया है। पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा और रखरखाव को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

