TGT Arts की नियुक्ति पर मुख्यमंत्री व विधायक का जताया आभार
बैठक के अंत में विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य राजीव ठाकुर ने उपस्थित अभिभावकों एवं SMC सदस्यों का धन्यवाद किया। उन्होंने विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के हित में इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया।

हरिपुर धार / डियूरी खराहन सिरमौर:राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डियूरी खराहन में स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) की बैठक SMC अध्यक्ष वेद प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विद्यालय से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए परीक्षा केंद्र परिवर्तन का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा गया। SMC सदस्यों और अभिभावकों ने बताया कि वर्तमान परीक्षा केंद्र विद्यालय से करीब पांच किलोमीटर की दूरी पर बस मार्ग से स्थित है। डियूरी खराहन क्षेत्र बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र है, जहां नवंबर से मार्च-अप्रैल तक बर्फबारी का असर रहता है। ऐसे में विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान वर्तमान केंद्र तक पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विद्यार्थियों की सुविधा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष कक्षा 10वीं और जमा दो की परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला काफला में निर्धारित करने का प्रस्ताव रखा गया। बताया गया कि काफला स्कूल की पैदल दूरी करीब दो किलोमीटर है तथा क्षेत्र में बर्फबारी की समस्या अपेक्षाकृत नहीं रहती। बैठक में उपस्थित SMC सदस्यों एवं अभिभावकों ने प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए इसे सर्वसम्मति से पारित किया।
बैठक में विद्यालय की मरम्मत एवं रखरखाव सहित विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। SMC सदस्यों और अभिभावकों ने विद्यालय के विकास के लिए आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया।
वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डियूरी खराहन में TGT Arts के पद पर मंजू बाला के कार्यभार ग्रहण करने पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं स्थानीय विधायक का आभार व्यक्त किया गया। SMC सदस्यों ने कहा कि शिक्षक की नियुक्ति से विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।

