Reading: विधायक मलेंद्र राजन ने मलकाना में 90 लाख की उठाऊ पेयजल योजना का किया लोकार्पण

विधायक मलेंद्र राजन ने मलकाना में 90 लाख की उठाऊ पेयजल योजना का किया लोकार्पण

RamParkash Vats
3 Min Read

न्यूज इंडिया आजतक संसदीय क्षेत्र कांगड़ा -चंम्बा चीफ ब्यूरो विनय महाजन की रिपोर्ट
नूरपुर प्रदेश मे इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने आज मलकाना में जल शक्ति विभाग के तहत 90 लाख रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना मलकाना का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। इस योजना के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं सुचारू पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी।इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। मलकाना में उठाऊ पेयजल योजना के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा तथा लंबे समय से चली आ रही पेयजल संबंधी समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पुल, पेयजल तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।विकास कार्यों की जानकारी देते हुए विधायक ने बताया कि ठाकुरद्वारा-पराल सड़क एवं पुल के निर्माण के लिए नाबार्ड के तहत 7 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने कहा कि मिलवां से बरोटा सड़क का निर्माण 22 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इंदौरा से त्यौड़ा पुल के निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार है और आगामी प्रक्रिया के बाद इस महत्वपूर्ण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।

विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में लोगों की जमीनों और घरों को बाढ़ के खतरे से बचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अपने साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में एक भी नया क्रशर स्थापित नहीं होने दिया, ताकि क्षेत्र की जनता की जमीनों, घरों और पर्यावरण को नुकसान से बचाया जा सके।
उन्होंने मलकाना पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अनाज मंडी खोलने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई है तथा इस दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका उद्देश्य है। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए भविष्य में भी प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य करवाए जाएंगे।विधायक ने लोगों से अपील की कि बीपीएल सूची में शामिल होने के लिए 20 सितंबर अंतिम तिथि है। उन्होंने कहा कि जो पात्र परिवार अभी तक बीपीएल सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!