FEATHPUR(SHIMLA) 24 JAN 2026. S.B.S; VIJAY SAMYAL
जिला कांगड़ा एवं पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत पुलिस थाना फतेहपुर में तीसरे महादेव विशाल शिव मंदिर भंडारे एवं जागरण का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में पुलिस प्रशासन, स्थानीय लोग और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली।

शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह थाना परिसर में बने शिव मंदिर में हवन-यज्ञ और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई। पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर आहुतियां डालीं और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा और जवाली के डीएसपी बीरी सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

भगवान शिव की असीम कृपा से आयोजित इस विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। भंडारे के साथ आयोजित जागरण में भक्ति संगीत से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। दोपहर से शुरू हुआ भंडारा शाम तक चलता रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध पंजाबी गायक बब्बू खानपुरिया ने शिव भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज़ क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

फतेहपुर पुलिस थाना परिसर में तीसर महादेव विशाल शिव मंदिर भंडारा एवं जागरण के दौरान श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हुए।थाना प्रभारी पवन गुप्ता का कहना है:- जनता के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। हमें यह देखकर बहुत खुशी हुई कि लोग दूर-दराज़ से भी यहां आए और भक्ति भाव के साथ भाग लिया। पुलिस थाना फतेहपुर का समस्त स्टाफ और आयोजन समिति ने पूरी मेहनत और समर्पण से इसे सफल बनाया। यह दिखाता है कि जब समाज और प्रशासन मिलकर काम करते हैं, तो ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में सभी का सहयोग और समर्थन मिलता है।

